Report by : CWN Desk
Published at :
कांग्रेस नेता रवि पपनै पर नकाबपोशों का हमला, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

काशीपुर। कांग्रेस आईटी प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव व कुमाऊं संयोजक रवि पपनै पर सोमवार रात नकाबपोश हमलावरों ने हमला कर दिया। घटना उस समय हुई जब रवि पपनै रात करीब 11 बजे सैनिक कॉलोनी स्थित अपने घर जा रहे थे। टू लेन बाइपास पर एक फर्नीचर की दुकान के बाहर वह मोबाइल देख रहे थे, तभी तीन से चार नकाबपोश युवकों ने पीछे से बेल्ट से उनकी पिटाई शुरू कर दी।

हमले से घबराए पपनै शोर मचाते हुए घर की ओर भागे, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। इस दौरान एक हमलावर पूरी घटना का वीडियो बनाता रहा, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। घायल अवस्था में पपनै को उनके परिचितों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन, पूर्व महानगर अध्यक्ष संदीप सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने आईटीआई पुलिस को जानकारी दी और मामले में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि रवि पपनै निगम की कार्यप्रणाली को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार मुखर थे, जिससे नाराज होकर यह हमला करवाया गया। उन्होंने इस घटना को लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। एएसपी अभय सिंह ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›