Report by : CWN Desk
Published at :
गंगा में जलस्तर बढ़ा, ऋषिकेश में राफ्टिंग बंद, 31 अगस्त से फिर शुरू होगी एडवेंचर एक्टिविटी

ऋषिकेश। पहाड़ों में हो रही लगातार बारिश के चलते गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है, जिससे ऋषिकेश में राफ्टिंग संचालन मंगलवार से रोकना पड़ा है। गंगा राफ्टिंग प्रबंधन समिति के सचिव जसपाल चौहान ने बताया कि मानसून के दौरान गंगा के जलस्तर में भारी इजाफा हुआ है। इस समय गंगा चेतावनी निशान से मात्र एक मीटर नीचे बह रही है, जिससे सुरक्षा कारणों के चलते राफ्टिंग गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगानी पड़ी है।
उन्होंने बताया कि इस साल राफ्टिंग सत्र एक सप्ताह पहले ही बंद करना पड़ा है, जबकि सामान्य रूप से प्रत्येक वर्ष 30 जून तक राफ्टिंग चालू रहती है। अब आगामी 31 अगस्त से ही राफ्टिंग संचालन दोबारा शुरू किया जा सकेगा।
इस सत्र में करीब 2 लाख 64 हजार सैलानियों ने राफ्टिंग का आनंद लिया, जिससे इस उद्योग से जुड़े कारोबारियों को अच्छा मुनाफा हुआ है। करीब तीस साल पहले ऋषिकेश में राफ्टिंग शुरू हुई थी, उस वक्त केवल तीन-चार कंपनियां इस क्षेत्र में सक्रिय थीं। लेकिन आज 250 से अधिक कंपनियों की 650 से ज्यादा राफ्ट्स गंगा में संचालित हो रही हैं, जिससे इस क्षेत्र में करीब 10,000 लोगों को सीधे-सीधे रोजगार मिल रहा है।
राफ्टिंग संचालक भगवती प्रसाद के अनुसार, राफ्टिंग के व्यवसाय में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। हालांकि, मानसून के दौरान गंगा के बढ़ते जलस्तर से सुरक्षा प्राथमिकता है, इसीलिए राफ्टिंग रोकना अनिवार्य है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›