Report by : CWN Desk
Published at :
लूडो खेलते समय कहासुनी बनी खून की वजह, दोस्त ने हथौड़े से मारकर ली जान

देहरादून। शुक्रवार को देहरादून के परेड ग्राउंड क्षेत्र में एक मामूली मजाक खूनखराबे में बदल गया, जब एक युवक ने अपने ही दोस्त की सिर पर हथौड़े से वार कर हत्या कर दी। घटना ने शहर को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस के अनुसार, झारखंड निवासी संतोष साहु, जो दून क्लब के पास सब्जी का ठेला लगाते थे और करनपुर क्षेत्र में परिवार संग रहते थे, की दोस्ती बिहार निवासी शिबरन साहनी से थी, जो इन दिनों इंदिरा कॉलोनी में रह रहा था। शुक्रवार शाम दोनों दून क्लब के पास कुछ लोगों संग लूडो खेल रहे थे। खेल के दौरान संतोष ने मजाक में शिबरन से कुछ कह दिया, जिससे शिबरन नाराज हो गया और झगड़ा शुरू हो गया। झगड़े में कई लोग शामिल हो गए और संतोष के चेहरे पर चोट आ गई।

शिबरन ने संतोष को अस्पताल चलने को कहा। दोनों एक ही स्कूटर पर सवार होकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में शिबरन ने थैले से हथौड़ा निकाला और रोजगार तिराहे के पास संतोष के सिर पर जोरदार वार कर दिया। संतोष स्कूटर से गिर पड़ा, इसके बाद शिबरन ने दोबारा सिर पर कई वार किए। घायल संतोष को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी शिबरन को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›