Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में दिन दहाड़े महिला को बेहोश कर लूटे जेवरात, मुकदमा दर्ज

हल्द्वानी। एसडीएम कार्यालय के सामने महिला को बेहोश करने और उसके बाद जेवर चोरी करने का मामला सामने आया है। महिला की तहरीर में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 23 अगस्त की बताई जा रही है।
बिठौरिया नंबर एक मुखानी निवासी आनंदी सती ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि एसडीएम कोर्ट के पास एक बच्चा और उसके साथ एक व्यक्ति खड़ा था। बच्चा रामपुर रोड जाने के लिए रुपयों की मदद मांगता हुआ रो रहा था। इसी दौरान बच्चे के साथ खड़ा व्यक्ति उनके पास पहुंचा और लाल रंग का एक पैकट उनके चेहरे के पास घुमाया जिससे वह बेहोशी की हालत में पहुंच गईं।
इसके बाद आरोपी उन्हें राजपुरा रेलवे क्रॉसिंग के पास ले गए। यहां उन्होंने महिला के हाथ में पड़ा 3.50 लाख कीमत का सोने का कंगन, 1.60 लाख रुपये की सोने की दो अंगूठी, 70 हजार कीमत की एक डायमंड रिंग और 3000 नकदी चोरी कर ली। कुछ देर बाद महिला किसी तरह कोतवाली पहुंची तो वहां सीसीटीवी फुटेज चेक कराई। पता चला कि आरोपी कोतवाली से ही उनका पीछा कर रहे थे। कोतवाल उमेश मलिक ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह राणा को सौंपी गई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›