Report by : CWN Desk
Published at :
वीडियो कॉल पर गर्लफ्रेंड से मजाक पड़ा भारी, फांसी के फंदे से लटककर युवक की मौत

उत्तराखंड के बाजपुर में दिल दहला देने वाली घटना। वीडियो कॉल पर गर्लफ्रेंड को फांसी लगाने की एक्टिंग दिखा रहा था युवक, तभी हो गया हादसा। जानें पूरी खबर।

ऊधम सिंह नगर।  जिले के बाजपुर से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक युवक की अपनी गर्लफ्रेंड से वीडियो कॉल पर बात करते समय संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक मजाक-मजाक में फांसी लगाने की एक्टिंग कर रहा था, लेकिन तभी संतुलन बिगड़ा और खेल हकीकत में बदल गया। इस घटना से परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान शाहनवाज के रूप में हुई है, जो हैदराबाद में सैलून का काम करता था और घर में शादी समारोह के लिए बाजपुर आया हुआ था। गुरुवार की रात वह अपने कमरे में मुंबई में रहने वाली अपनी गर्लफ्रेंड से वीडियो कॉल (Video Call) पर बात कर रहा था। रात करीब 12 बजे बातचीत के दौरान उसने मजाक में फांसी लगाने की बात कही।
मजाक कैसे बना मौत का कारण
परिजनों और पुलिस जांच के अनुसार, रात करीब 12:22 बजे शाहनवाज ने बच्चे के झूले की रस्सी उठाई और उसे गले में डालकर फांसी लगाने का नाटक करने लगा। करीब 3 मिनट तक यह ड्रामा चलता रहा। लेकिन 12:28 बजे अचानक फंदा कस गया और शाहनवाज की मौके पर ही मौत हो गई। यह सब वीडियो कॉल पर लाइव चल रहा था।
पिता ने देखा बेटा, तब उड़े होश
शाहनवाज के पिता भोला घर के बाहर रिश्तेदारों के साथ बैठे थे। तभी उनके नाती ने वॉशरूम जाने की जिद की। जब वह बच्चे को लेकर अंदर गए, तो कमरे का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बेटा फंदे से लटक रहा था। उनकी चीख सुनकर छोटा बेटा अरमान और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही सीओ विभव सैनी और एसआई सुनील मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि अभी तक परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। गर्लफ्रेंड के भी मुंबई से बाजपुर आने की सूचना है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›