Report by : CWN Desk
Published at :
हनीमून पर खुला पत्नी के अफेयर और गर्भवती होने का राज, युवक ने महिला आयोग से लगाई न्याय की गुहार

देहरादून। उत्तराखंड के कोटद्वार निवासी एक युवक की हनीमून ट्रिप तब जीवन का सबसे बड़ा झटका बन गई जब उसे अपनी पत्नी के गर्भवती होने का पता चला—और वह भी शादी के महज 18 दिन बाद। यह मामला अब महिला आयोग तक पहुंच गया है, जहां युवक ने पत्नी के धोखे और मानसिक उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई है।

युवक के अनुसार, वह अपनी पत्नी के साथ हिमाचल प्रदेश में हनीमून मनाने गया था, जहां पत्नी को अचानक पेट में तेज़ दर्द हुआ। जब उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया तो जांच में सामने आया कि वह करीब डेढ़ माह की गर्भवती है। यह सुनकर युवक स्तब्ध रह गया, लेकिन उसने तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और हनीमून बीच में छोड़कर लौट आया।

घर लौटने के बाद युवक ने अपनी पत्नी पर नजर रखनी शुरू की। उसे शक था कि मामला कुछ और है। उसकी आशंका तब सच साबित हुई जब उसने देखा कि पत्नी चोरी-छिपे सिम बदलकर किसी अन्य युवक से बात करती है। गहराई से जांच करने पर पता चला कि उसकी पत्नी का शादी से पहले एक युवक से प्रेम संबंध था और वह रिश्ता अब भी कायम है।

युवक ने जब महिला आयोग में काउंसलिंग के लिए आवेदन किया, तो वहां एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ—पत्नी का प्रेमी न केवल पहले से शादीशुदा है, बल्कि उसका एक बच्चा भी है।

अब युवक ने महिला आयोग से न्याय की मांग की है, साथ ही आरोप लगाया है कि उसे धोखे से इस रिश्ते में बांधा गया, जिससे उसकी जिंदगी बर्बाद हो गई है। महिला आयोग मामले की जांच कर रहा है और जल्द कार्रवाई की बात कही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›