Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

अल्मोड़ा के मरचूला में श्मशान घाट पर हुई शादी, वीडियो वायरल होने पर मचा बवाल

Published

on

खबर शेयर करें 👉

अल्मोड़ा के मरचूला में पर्यटकों ने श्मशान घाट को बनाया वेडिंग डेस्टिनेशन। रामगंगा और बदनगढ़ नदी के संगम पर जयमाला की रस्म निभाने पर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश।

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक बेहद अजीब और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ सल्ट क्षेत्र के मरचूला में कुछ पर्यटकों ने उस स्थान पर शादी की रस्में निभाईं, जहाँ स्थानीय लोग शवों का दाह संस्कार करते हैं। कॉर्बेट नेशनल पार्क से सटे इस इलाके में डेस्टिनेशन वेडिंग के नाम पर हुई इस गतिविधि ने स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, रामगंगा और बदनगढ़ नदी के संगम पर स्थित यह स्थान दशकों पुराना श्मशान घाट है। पर्यटकों को दो नदियों के मिलन वाली यह जगह इतनी पसंद आई कि उन्होंने यहाँ भव्य सजावट कर जयमाला की रस्म अदा की। पास के एक रिजॉर्ट प्रबंधक ने दावा किया कि उन्होंने पर्यटकों को श्मशान घाट होने की जानकारी दी थी, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया।
इस अनोखी शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही क्षेत्र के लोगों ने नाराजगी जाहिर की है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत सहित कई ग्रामीणों ने इसे धार्मिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया है। उनका कहना है कि नदी किनारे घाट पर जहां दाह संस्कार होते हैं, वहां मांगलिक कार्य करना वर्जित और अमंगलकारी माना जाता है।
प्रशासनिक जांच के आदेश मामले के तूल पकड़ने के बाद स्थानीय प्रशासन ने इस पर संज्ञान लिया है। जंगल और नदी के प्रतिबंधित क्षेत्र में इस तरह के आयोजन पर कड़ी आपत्ति जताई गई है। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और नियमों के उल्लंघन पर संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीण अब रिजॉर्ट संचालकों पर भी सख्त लगाम लगाने की मांग कर रहे हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement