देहरादून
देहरादून मुठभेड़: बैंककर्मी गोलीकांड में इनामी बदमाश गिरफ्तार, 5 लाख की सुपारी दी थी पूर्व महिला मित्र ने
देहरादून के पटेल नगर में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़। बैंककर्मी सत्यम गोलीकांड का मुख्य आरोपी अंकित चौहान घायल, सुपारी देने वाली पूर्व महिला मित्र का पर्दाफाश।
देहरादून। पटेल नगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। इस कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से एक शातिर बदमाश घायल हो गया, जिसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, उसका एक अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में घायल बदमाश की पहचान अंकित चौहान के रूप में हुई है। अंकित ने कुछ दिन पूर्व शिमला बायपास रोड पर एक व्यक्ति पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। वह बड़ोवाला क्षेत्र में बैंक कर्मी सत्यम चौहान पर हुए जानलेवा हमले के मामले में मुख्य शूटर के रूप में वांछित चल रहा था।
मामले की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस पूरे गोलीकांड की मास्टरमाइंड सत्यम की पूर्व महिला मित्र ही थी। अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि महिला मित्र ने सत्यम को रास्ते से हटाने के लिए 5 लाख रुपये में हत्या का सौदा किया था। सौदे में तय की गई बाकी की रकम वसूलने के लिए आरोपी अपने साथी के साथ दोबारा देहरादून आया था।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने घेराबंदी की, तो बदमाशों ने भागने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अंकित चौहान के पैर में गोली लग गई। आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी कई संगीन वारदातों में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस की टीमें फरार आरोपी की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
