Report by : CWN Desk
Published at :
गर्मियां शुरू, वन्यजीवों की प्यास बुझाने के लिए यहां बनाए 25 तालाब

तालाबों में वन विभाग ने भरा पानी, जंगली जानवरों को मिलेगी राहत
देहरादून
। थानो वन रेंज के जंगलों में वन्यजीवों की प्यास बुझाने के लिए वन विभाग ने तालाबों में पानी भरना शुरू करवा दिया है। गर्मी बढ़ने पर वन्यजीव पानी की तलाश में भटकते हैं। थानो रेंज में वन विभाग ने करीब छोटे-बड़े 25 तालाब बनाए हैं। जिनमें टैंकरों से पानी भरवाया जा रहा है।
थानो वन रेंज का क्षेत्र थानो, रानीपोखरी की पहाड़ियों से लेकर जौलीग्रांट के मैदानी क्षेत्र तक फैला है। जहां हाथी, गुलदार, हिरण, सांभर, नील गाय, मोर, चितल, सुअर से लेकर तमाम दूसरे वन्य जीव विचरण करते हैं। गर्मियों का सीजन शुरू होने और जंगलों में आग लगने के कारण वन्य जीवों के सामने पानी का संकट खड़ा हो जाता है। जिससे अक्सर वन्य जीव पानी की तलाश में आबादी क्षेत्र में आने लगते हैं। थानो वन रेंज में इस समस्या से निपटने के लिए 50 हजार लीटर से लेकर दो लाख लीटर तक क्षमता वाले कच्चे और पक्के 25 तालाबों का निर्माण जंगलों में जगह-जगह कराया है। जिसमें वन विभाग की टीम इन दिनों पानी भरवा रही है। अब तक करीब आधे तालाबों में पानी भरवा दिया गया है। इससे आने वाली गर्मियों में वन्य जीवों की प्यास बुझेगी। वहीं वन्य जीवों में जंगलों में ही रोकने में मदद मिलेगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›