हल्द्वानी
हल्द्वानी शहर में जल्द दौड़ेंगी 90 सिटी बसें, छह रूटों पर तय हुई योजना, 21 जुलाई से होगा संचालन
हल्द्वानी। हल्द्वानी शहरवासियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। परिवहन विभाग शहर के भीतर सुगम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए छह अलग-अलग रूटों पर कुल 90 सिटी बसें चलाने जा रहा है। ये बसें हर दिन सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक शहर की सड़कों पर दौड़ेंगी। इससे जहां ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी, वहीं आम यात्रियों को सस्ती और आरामदायक यातायात सुविधा भी उपलब्ध होगी।
परिवहन विभाग के अनुसार, सिटी बसों का संचालन पहले 21 जून से शुरू होना था, लेकिन बस ऑपरेटर्स के अनुरोध पर उन्हें तैयारी के लिए एक माह का अतिरिक्त समय दिया गया। अब ये बसें 21 जुलाई से शहर में संचालित की जाएंगी। मंगलवार को आरटीओ हल्द्वानी सुनील शर्मा ने बताया कि आरटीए की 18 मार्च को हुई बैठक में सिटी बस योजना समेत कई बिंदुओं पर चर्चा हुई थी। बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर के छह प्रमुख रूटों पर कुल 90 बसें चलाई जाएंगी।
आरटीओ के अनुसार, सबसे लंबा रूट रानीबाग से काठगोदाम तक होगा, जिसकी लंबाई लगभग 45 किलोमीटर है। इस रूट पर 45 बसें संचालित होंगी। वहीं, सबसे छोटा रूट 12 किलोमीटर का है, जहां 24 बसें चलाई जाएंगी। शेष रूटों पर भी यात्रियों की सुविधा के अनुसार बसों की संख्या तय की गई है।
प्रस्तावित रूट निम्नानुसार हैं:
- रानीबाग से रानीबाग रूट: रोडवेज बस स्टैंड, स्टेडियम रोड, मुखानी, कुसुमखेड़ा, फतेहपुर, लामाचौड़, भाखड़ा, कठघरिया, चौफुला चौराहा, चंबलपुल, हाइडिल गेट होकर वापसी।
- बस स्टेशन से कालाढूंगी चौराहा रूट: मंगलपड़ाव, गांधी स्कूल, तीनपानी, ओपन यूनिवर्सिटी, टीपीनगर, देवलचौड़, पाल कॉलेज, पनचक्की, मुखानी होकर वापसी।
- बस स्टेशन से काठगोदाम रूट: रेलवे स्टेशन, सर्किट हाउस, गोरापड़ाव, गन्ना सेंटर, एसटीएच, धान मिल, पीलीकोठी, कालाढूंगी चौराहा।
- रामपुर रोड-देवलचौड़ रूट: सिंधी चौराहा, बिड़ला स्कूल, गैस गोदाम रोड, सेंट्रल अस्पताल, मुखानी होकर वापसी।
- दुर्गा सिटी सेंटर-लामाचौड़ रूट: नवाबी रोड, कुसुमखेड़ा, कमलुवागांजा, भाखड़ा होकर वापसी।
- बस स्टेशन से ऊंचापुल रूट: स्टेडियम रोड, कुसुमखेड़ा, कमलुवागांजा होकर वापसी।
सभी बसें या तो सीएनजी आधारित होंगी या फिर बीएस-6 डीजल मॉडल पर आधारित होंगी। आरटीओ ने बताया कि रूट इस तरह तय किए गए हैं जिससे शहर के अधिकतम क्षेत्रों को जोड़ा जा सके। योजना के सफल क्रियान्वयन के बाद हल्द्वानी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
