Report by : CWN Desk
Published at :
दून मेडिकल कॉलेज में फिजियोथेरेपी में इंटर्नशिप कर रही युवती का शव फंदे पर लटका मिला

देहरादून। दून मेडिकल कॉलेज में फिजियोथेरेपी में इंटर्नशिप कर रही युवती का शव संदिग्ध हालात में फंदे पर लटका मिला। युवती रायपुर के बालावाला क्षेत्र में किराये पर रहती थी। पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। हालांकि, कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। युवती का फोन भी लॉक है।
पुलिस विशेषज्ञों की मदद से फोन को अनलॉक कर कारणों का पता लगाने में जुटी है। एसओ रायपुर प्रदीप नेगी ने बताया, बालावाला निवासी धीरेंद्र खत्री ने सूचना दी कि उनके यहां किराये पर रहने वाली युवती ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कमरा बंद था।
खिड़की से झांककर देखा तो युवती पंखे के सहारे फंदे पर लटकी हुई थी। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा और युवती को फंदे से उतारा। पुलिस युवती को अस्पताल ले गई, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। युवती की पहचान वर्षा पुत्री बाबूराम निवासी ग्राम इंदिरानगर कबरे, थाना कबरे, जिला महोबा, यूपी के रूप में हुई है।
वह बीते कुछ समय से दून मेडिकल कॉलेज में फिजियोथेरेपी में इंटर्नशिप कर रही थी। डेढ़ साल से धीरेंद्र खत्री के मकान में रह रही थी। एसओ ने बताया, वर्षा के मोबाइल में लॉक लगा हुआ है। इसे विशेषज्ञों के पास भेजा जा रहा है। जल्द ही आत्महत्या के कारणों का पता चल जाएगा। युवती के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›