Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तरकाशी जिले के धरासू में दर्दनाक हादसा, कार खाई में गिरने से एक महिला की मौत, छह घायल

उत्तरकाशी। जिले के धरासू क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शुक्रवार 6 जून 2025 को धरासू के मरगांव के पास एक मारुति सुजुकी कार (संख्या UK09-B-6960) अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह वाहन गमरी पीपलखण्डा से बादूं पुजारगांव डुण्डा जा रहा था। कार में चालक समेत कुल सात लोग सवार थे। सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। वाहन जैसे ही मरगांव के पास पहुंचा, अचानक चालक का नियंत्रण हट गया और कार गहरी खाई में गिर गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना धरासू ने एसडीआरएफ टीम को तत्काल रेस्क्यू के लिए बुलाया। पोस्ट चिन्यालीसौड़ से एसडीआरएफ उपनिरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर रवाना हुई। टीम ने मौके पर पहुंचकर जिला पुलिस के सहयोग से तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

रेस्क्यू टीम ने घायलों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया, जहां से उन्हें एंबुलेंस की सहायता से चिन्यालीसौड़ अस्पताल भेजा गया। हादसे में घायल हुए लोगों में मनीष (28) पुत्र सुरेश प्रसाद (चालक), कविता देवी (29) पत्नी गणेश मिश्रा, नंदिनी (8) पुत्री मंगल मोहन, दिव्यम (6) पुत्र मंगल मोहन, देवांश (4) पुत्र गणेश मिश्रा, और दीपक (8) पुत्र गणेश मिश्रा शामिल हैं। सभी घायल उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ क्षेत्र के गमरी गांव के निवासी हैं।

इस हादसे में मृतक महिला की शिनाख्त वंदना देवी (30) पत्नी मंगल मोहन मिश्रा के रूप में हुई है, जो ग्राम गमरी, तहसील चिन्यालीसौड़, जनपद उत्तरकाशी की निवासी थीं।

एसडीआरएफ और पुलिस की तत्परता से राहत कार्य तेजी से पूरा किया गया और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। पुलिस प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›