हल्द्वानी
लालकुआं में दर्दनाक हादसा: पति की मौत के 24 घंटे बाद पत्नी का भी निधन, पूरे गांव में शोक
लालकुआं। बिंदुखत्ता के पुरानाखत्ता गांव में उस वक्त मातम छा गया जब कैंसर पीड़ित पति की मौत के 24 घंटे के भीतर ही पत्नी ने भी सदमे में दम तोड़ दिया। 72 वर्षीय गोविंद सिंह बोरा का लंबा इलाज चल रहा था, लेकिन 8 जून की शाम को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी मौत की खबर सुनकर सदमे में आई उनकी पत्नी दुर्गा देवी (64) ने भी 9 जून की रात को प्राण त्याग दिए।
गोविंद सिंह बोरा पशुपालन का कार्य करते थे और अपने गांव में एक मेहनती इंसान के तौर पर जाने जाते थे। लंबे समय से वह कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। विभिन्न अस्पतालों में उनका इलाज चला, लेकिन आखिरकार 8 जून को वह जीवन की जंग हार गए। इस खबर से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पति के निधन के 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि उनकी पत्नी दुर्गा देवी भी इस सदमे को सहन नहीं कर पाईं और रात को उनका भी निधन हो गया। मंगलवार सुबह दुर्गा देवी का अंतिम संस्कार चित्राशिला घाट रानीबाग में किया गया।
गोविंद सिंह बोरा और दुर्गा देवी अपने पीछे पुत्र कार्तिक और दो बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। माता-पिता के अचानक निधन से उनका पूरा परिवार बेसहारा और गमगीन हो गया है।
दुर्गा देवी के अंतिम संस्कार में भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट, मदन सिंह बोरा, नगर पंचायत लालकुआं के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, भरत नेगी, रंजीत बोरा, अमित बोरा, विपिन बोरा, हरेंद्र सिंह बोरा, हेमवतीनंदन दुर्गापाल सहित कई लोग मौजूद रहे। पूरा गांव इस दुखद घटना से स्तब्ध है और हर कोई परिवार को ढांढस बंधाने में जुटा है।
