Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 83 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

हल्द्वानी पुलिस ने 83 लाख रुपये की स्मैक के साथ मंजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत काठगोदाम और बनभूलपुरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई।

हल्द्वानी। नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025’ मिशन के तहत काठगोदाम पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 83 लाख रुपये आंकी गई है।
नैनीताल एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीम ने कुंवरपुर गौला पुल बाईपास पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका। तलाशी लेने पर सवार के पास से 275 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान मंजीत सिंह के रूप में हुई है, जो नानकमत्ता (ऊधमसिंहनगर) का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह नानकमत्ता से स्मैक लाकर हल्द्वानी में बेचने की फिराक में था। आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी है और वह पहले भी पिथौरागढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल जा चुका है।
दूसरी ओर, बनभूलपुरा पुलिस ने भी एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गौला पार्किंग क्षेत्र से अभिषेक आर्या नामक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 26 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नैनीताल पुलिस की इस सतर्कता ने युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाले गिरोह को करारा झटका दिया है। पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि देवभूमि में नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी। आने वाले दिनों में पुलिस ऐसे अपराधियों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए और भी सख्त कदम उठाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›