अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
अल्मोड़ा और रामनगर में बड़ा हादसा: कोसी नदी में डूबने से रिसॉर्ट कर्मी समेत तीन युवकों की दर्दनाक मौत
उत्तराखंड में कोसी नदी काल बन गई। अल्मोड़ा के देवस्थल में नहाने गए दो दोस्तों और रामनगर में एक रिसॉर्ट कर्मी की नदी के गहरे कुंड में डूबने से मौत। पढ़ें पूरी खबर।
अल्मोड़ा। उत्तराखंड में गर्मी और बरसात के शुरुआती सीजन के बीच नदियों का जलस्तर और उनके गहरे कुंड स्थानीय व बाहरी युवाओं के लिए काल साबित हो रहे हैं। अल्मोड़ा और रामनगर क्षेत्र में कोसी नदी में नहाने के दौरान हुए दो अलग-अलग हादसों में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और स्थानीय प्रशासन ने नदी-नालों के पास विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
पहली दुखद घटना अल्मोड़ा जिले के देवस्थल क्षेत्र की है। यहाँ मंगलवार को जिला मुख्यालय से पांच दोस्त कोसी नदी के किनारे घूमने और नहाने पहुंचे थे। नदी में मौज-मस्ती और पार्टी करने के दौरान दो युवक अचानक पानी के तेज बहाव के कारण गहरे हिस्से में चले गए और डूबने लगे। साथियों के बचाने के प्रयास के बावजूद वे गहराई में समा गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव बरामद किए। मृतकों की पहचान सोनू कनवाल (26) निवासी दुगालखोला, अल्मोड़ा और धीरज गड़िया (37) निवासी मोटाहल्दू, हल्द्वानी के रूप में हुई है।
वहीं दूसरी घटना रामनगर से सामने आई है, जहाँ ढिकुली स्थित एक रिसॉर्ट में कार्यरत 22 वर्षीय रिसॉर्ट कर्मी अजय आर्या की कोसी नदी के गहरे कुंड में डूबने से मौत हो गई। मूल रूप से अल्मोड़ा के रानीखेत (ग्राम कनार) का रहने वाला अजय मंगलवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण अपने साथी के साथ रिसॉर्ट के पीछे नदी में नहाने गया था। नैनीताल से आई एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम ने करीब तीन घंटे की खोजबीन के बाद शाम चार बजे अजय का शव कुंड से बाहर निकाला। रामनगर में बीते एक महीने के भीतर कोसी नदी में डूबने की यह चौथी घटना है।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पतालों में भेज दिया है और मामलों की जांच शुरू कर दी है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रहे इन हादसों को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने चेतावनी जारी की है कि लोग नदियों के तेज बहाव और अनजान कुंडों में उतरने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं।
