देहरादून
देहरादून में भीषण सड़क हादसा: बेकाबू सिटी बस ने 5 मजदूरों को कुचला, 2 की मौत
देहरादून के पटेलनगर में लालपुल के पास एक अनियंत्रित सिटी बस ने फुटपाथ पर बैठे मजदूरों को रौंद दिया। हादसे में दो की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हैं।
देहरादून। राजधानी के पटेलनगर क्षेत्र में लालपुल के पास मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार सिटी बस अचानक अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई। इस दर्दनाक हादसे में फुटपाथ पर बैठे पांच मजदूर बस की चपेट में आ गए। दुर्घटना में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
सीओ सदर अंकित कंडारी के अनुसार, सुबह करीब 11:25 बजे क्लेमनटाउन से राजपुर रूट पर जा रही सिटी बस बेकाबू हो गई। बताया जा रहा है कि जाखन निवासी चालक अर्जुन (28) की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। कथित रूप से मिर्गी का दौरा पड़ने के कारण वह बस से अपना नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस सीधे फुटपाथ पर चढ़ गई।
हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने आहद (22) निवासी चमनपुरी पटेलनगर को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद इलाज के दौरान मान सिंह निवासी बिहार की भी मौत हो गई। वहीं उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी रतन कुमार, मुजफ्फरपुर के संजीत और दरभंगा के सुखराज साहनी गंभीर रूप से घायल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के समय बस में करीब 20 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि बस पलटने या किसी अन्य वाहन से टकराने से पहले ही रुक गई। इस वजह से बस के भीतर बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें नहीं आईं। आरोपी चालक घबराहट में खुद ही पास की पुलिस चौकी पहुंच गया, जहां खराब हालत को देखते हुए उसे कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
