हल्द्वानी
हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: एसी सुधारते समय करंट लगने से पिता-पुत्री की मौत
हल्द्वानी के बनभूलपुरा में एसी की मरम्मत के दौरान फैले करंट की चपेट में आने से कार मैकेनिक नदीम और उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिज्बा की दर्दनाक मौत हो गई।
हल्द्वानी। बनभूलपुरा इलाके से एक बेहद दर्दनाक और दुखद हादसे की खबर सामने आई है। लाइन नंबर 16 के निवासी कार मैकेनिक नदीम (45) और उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिज्बा की घर में करंट लगने से असमय मौत हो गई। मंगलवार को जब दोनों के जनाजे एक साथ घर से निकले, तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना सोमवार रात की बताई जा रही है, जब नदीम अपने घर की छत पर लगी एसी की आउटडोर यूनिट में आ रहे करंट की समस्या को ठीक करने गए थे। उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिज्बा भी टॉर्च से रोशनी दिखाने के लिए उनके साथ छत पर मौजूद थी। मरम्मत के दौरान अचानक नदीम तेज करंट की चपेट में आ गए।
अपने पिता को तड़पता देख मासूम अलिज्बा ने बिना सोचे-समझे पिता को बचाने के लिए हाथ आगे बढ़ाया। इस दौरान अलिज्बा भी करंट की घातक चपेट में आ गई और दोनों अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी एकत्र हुए और दोनों को तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) ले गए।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने पिता और पुत्री दोनों को मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जब दोनों के शव घर पहुंचे तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दोपहर के समय परिजनों और स्थानीय निवासियों की मौजूदगी में दोनों शवों को गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
