उत्तराखण्ड
उत्तराखंड के 13 जिलों में येलो अलर्ट, अगले 3 घंटों में तेज बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, केदारनाथ और बद्रीनाथ समेत 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अगले 3 घंटों में बारिश की संभावना।
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम विभाग (IMD) ने अगले तीन घंटों के लिए प्रदेश भर में ‘यलो अलर्ट’ (Yellow Alert) जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य के सभी 13 जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
विशेष रूप से देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जिलों में मौसम विभाग ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है। इन जनपदों के कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।
प्रमुख शहरों और तीर्थस्थलों की बात करें तो रुड़की, लक्सर, चकराता, भटवाड़ी, काशीपुर, जसपुर, रामनगर, रानीखेत, श्रीनगर, कर्णप्रयाग और लोहाघाट तथा उनके आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। इसके अलावा चारधाम यात्रा मार्ग पर स्थित बद्रीनाथ, केदारनाथ और गोविंदघाट जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भी बारिश और बिजली चमकने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों तथा आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से बचकर रहने और नदी-नालों के किनारे न जाने की हिदायत दी गई है।
