Connect with us

उत्तराखण्ड

वंदे मातरम् पर सीएम धामी का तंज: कांग्रेस का निर्णय देश की भावनाओं और शहीदों का अपमान

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वंदे मातरम् के आधे-अधूरे गायन पर कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने इसे तुष्टीकरण और शहीदों का अपमान बताया।

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस कार्यसमिति द्वारा वंदे मातरम् के आधे-अधूरे गायन को लेकर लिए गए निर्णय पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सीएम धामी ने इसे देशविरोधी मानसिकता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय करोड़ों देशवासियों की भावनाओं और स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों के बलिदान का सीधा अपमान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने वाले हमारे महान सेनानियों ने हंसते-हंसते वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ फांसी के फंदे को चूमा था। कांग्रेस पार्टी राजनीतिक लाभ और तुष्टीकरण के लिए पहले भी इस राष्ट्रीय गीत को बांटने का काम कर चुकी है। आजादी के दशकों बाद भी पार्टी वही पुरानी मानसिकता दोहरा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वंदे मातरम् सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है।
सीएम धामी ने कहा कि शायद कांग्रेस को वंदे मातरम् के पूर्ण गायन में भारत की महान सांस्कृतिक, आध्यात्मिक परंपरा और देवी-देवताओं के स्मरण से आपत्ति है। उन्होंने याद दिलाया कि उत्तराखंड स्वयं देवभूमि है, जहां मां धारी देवी, मां नंदा-सुनंदा और मां पूर्णागिरि जैसी शक्तियों के प्रति अगाध श्रद्धा है। सनातन संस्कृति में देवी-देवताओं का स्मरण करना हमारी परंपरा का अभिन्न हिस्सा है और इससे समझौता नहीं किया जा सकता।
संसद द्वारा बनाए गए कानूनों और लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करने की बात कहते हुए मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस के लिए सिर्फ वोट बैंक ही सब कुछ है? उन्होंने कांग्रेस से देश की जनता को जवाब देने की मांग की कि वह अमर शहीदों की भावना और मातृभूमि के सम्मान के खिलाफ क्यों खड़ी है।

यह भी पढ़ें 👉  मैकडॉनल्ड्स और केएफसी की फर्जी वेबसाइट बनाकर फ्रैन्चाईज़ी दिलाने के नाम पर करते थे ठगी, एसटीएफ ने बिहार से चार दबोचे

Select Language

Advertisement