Connect with us

देहरादून

देहरादून में नाले के उफान में बही दो कारें, MBBS छात्रा और छात्र समेत 4 की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून और कोटद्वार में बारिश का कहर। उफनते नाले और नदी पार करते समय दो कारें और बाइक बही। MBBS छात्रा समेत 4 लोगों की मौत। पढ़ें पूरी खबर।

देहरादून। उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी है और इसके साथ ही उफनते नदी-नाले लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। देहरादून और कोटद्वार में सोमवार और मंगलवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक एमबीबीएस छात्रा और बीटेक छात्र समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
देहरादून के पौंधा-कंडोली मार्ग पर सोमवार देर रात भारी बारिश के बीच दो कारों में सवार पांच युवा जा रहे थे। रास्ते में उफान पर आए रपटे को पार करते समय तेज बहाव के कारण दोनों कारें अनियंत्रित होकर पलट गईं और पानी में बह गईं। सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल के अनुसार, इस हादसे में कार सवार 19 वर्षीय कनन सचदेवा और 21 वर्षीय अक्षय चौधरी की मौत हो गई। मृतका कनन राजस्थान के श्रीगंगानगर स्थित टाटिया विश्वविद्यालय में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की छात्रा थी, जबकि अक्षय यूपीईएस बिधौली में बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र था।
उधर, पौड़ी जिले के कोटद्वार सिगड्डी क्षेत्र में मंगलवार को दूसरा हादसा सामने आया। मूल रूप से बिजनौर निवासी 35 वर्षीय सद्दाम अपनी 23 वर्षीय पत्नी जेनम और एक वर्षीय मासूम बेटी शहजादी के साथ बाइक से लौट रहे थे। सिगड्डी के पास उफनती कोल्हू नदी को पार करते समय तीनों बाइक समेत तेज बहाव में बह गए। इस हादसे में पत्नी जेनम और एक साल की बच्ची शहजादी की डूबने से मौत हो गई, जबकि सद्दाम को बचा लिया गया।
मौसम विभाग ने पहाड़ी और मैदानी इलाकों में जलभराव तथा नदी-नालों के उफान को लेकर चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों और रपटों को पार करने का जोखिम बिलकुल न उठाएं।

Select Language

Advertisement