Report by : CWN Desk
Published at :
868180–

मुजफ्फरनगर के यूट्यूबर आतिफ की हरिद्वार के पिरान कलियर में संदिग्ध हालात में मौत। गेस्ट हाउस के कमरे में फंदे से लटका मिला शव। पुलिस कर रही है जांच

हरिद्वार। पिरान कलियर स्थित एक गेस्ट हाउस में मुजफ्फरनगर के रहने वाले 32 वर्षीय यूट्यूबर आतिफ का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। गुरुवार सुबह उनका शव कमरे के पंखे से लटका हुआ मिला। सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने वाले आतिफ के इंस्टाग्राम पर करीब चार लाख फॉलोअर्स थे। इस अचानक हुई घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर जिले के निराना गांव के रहने वाले आतिफ एक युवती और उसके भाई के साथ रहते थे। किसी बात पर युवती से नाराजगी के बाद, आतिफ बुधवार रात करीब 11 बजे पिरान कलियर पहुंचे और वहां एक गेस्ट हाउस में कमरा किराए पर लिया। शुरुआती जांच में आपसी विवाद और तनाव की बात सामने आ रही है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब पांच बजे युवती ने आतिफ को वीडियो कॉल की थी। इस दौरान आतिफ ने कथित तौर पर फंदे से लटककर अपनी जान देने की बात कही। इसके बाद युवती ने दूसरे फोन से वीडियो कॉल के माध्यम से यह पूरा घटनाक्रम आतिफ के भाई को दिखाया, जिन्होंने तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी।
परिजनों ने कलियर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी और मदद की गुहार लगाई। पुलिस ने तुरंत लोकेशन और परिजनों के बताए गए आधार पर गेस्ट हाउस में दबिश दी, जहां कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर आतिफ का शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।