Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में सड़कों के डामरीकरण में भ्रष्टाचार का आरोप, समाजसेवी विशाल वर्मा व अंजलि वर्मा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

हल्द्वानी की नवाबी रोड और कलावती कॉलोनी में एक दिन में डामरीकरण उखड़ने पर समाजसेवी विशाल वर्मा और अंजलि वर्मा ने डीएम ललित मोहन रयाल से मिलकर भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

हल्द्वानी। नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के काम में भ्रष्टाचार का गंभीर मामला सामने आया है। समाजसेवी विशाल वर्मा और पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा है और घटिया निर्माण कराने वाले भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि नवाबी रोड और कलावती कॉलोनी में हाल ही में कराया गया डामरीकरण महज एक ही दिन में उखड़ने लगा है, जिससे जनता के टैक्स के पैसों की सरेआम बर्बादी हो रही है। उन्होंने प्रभावित इलाकों में गुणवत्ता जांच कराकर दोबारा डामरीकरण कराने की मांग उठाई है।

सीएम धामी के सख्त आदेशों की अनदेखी का आरोप

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश भर की क्षतिग्रस्त सड़कों को 30 अक्टूबर तक गुणवत्ता के साथ गड्ढा मुक्त करने के सख्त निर्देश दिए हैं। हालांकि, अंजलि वर्मा ने बताया कि आदेशों के बावजूद जमीनी स्तर पर घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर सिर्फ लीपापोती की जा रही है, जो सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है।

दो वर्षों से खस्ताहाल हैं शहर की प्रमुख सड़कें

पूर्व पार्षद प्रत्याशी ने बताया कि हल्द्वानी शहर की ज्यादातर सड़कें पिछले दो सालों से बदहाल पड़ी हैं। रामपुर रोड, बरेली रोड, काठगोदाम, रानीबाग, ऊंचापुल, नवाबी रोड, आवास विकास, इंद्रानगर, बनभूलपुरा, मछली बाजार, मंगल पड़ाव और ट्रांसपोर्ट नगर जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति बेहद दयनीय है।
सड़कों पर बने गहरे गड्ढों के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को भारी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके अलावा, उड़ती धूल-मिट्टी के कारण लोगों और बच्चों में सांस व अन्य बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›