नैनीताल महिला अस्पताल में गंदगी और कॉकरोच का अंबार, समाजसेवियों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
नैनीताल। जिले से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। महिला अस्पताल में साफ-सफाई की बदतर स्थिति, जच्चा-बच्चा वार्ड में कॉकरोच मिलने और शौचालयों में फैली गंदगी को लेकर समाजसेवियों ने कड़ा रोष जताया है। समाजसेवी विशाल वर्मा और पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने इस संबंध में जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) श्री ललित मोहन रयाल से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा है।

समाजसेवी विशाल वर्मा ने बताया कि महिला अस्पताल के प्रसवोत्तर वार्ड (जच्चा-बच्चा वार्ड) में साफ-सफाई का बिल्कुल भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है। डिलीवरी के बाद जहां जच्चा और नवजात शिशु की देखभाल की जाती है, उन बिस्तरों और कमरों में कॉकरोच घूमते हुए नजर आ रहे हैं। नवजात शिशुओं और हाल ही में प्रसव से गुजरी महिलाओं को ऐसी अस्वच्छ और गंदी स्थिति में रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे संक्रमण का बड़ा खतरा पैदा हो गया है।
पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने चिंता जताते हुए कहा कि नैनीताल और पूरे कुमाऊं क्षेत्र से दूर-दराज से गर्भवती महिलाएं प्रसव के लिए इस मुख्य महिला अस्पताल में पहुंचती हैं। इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं के प्रति पूरी तरह लापरवाह बना हुआ है। महिला वार्ड के शौचालयों में इतनी अधिक बदबू और गंदगी है कि महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
समाजसेवियों ने जिलाधिकारी श्री ललित मोहन रयाल से मांग की है कि वे खुद महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण करें। साथ ही, इस गंभीर लापरवाही के लिए जिम्मेदार और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि अस्पताल में आने वाली गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य माहौल मिल सके।