Report by : CWN Desk
Published at :
IMG 20261028 WA0012

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सड़क मार्ग से देहरादून जाते समय श्रीनगर में स्थानीय दुकान पर चाय पी और नागरिकों व बच्चियों से संवाद कर ‘लोकल फॉर वोकल’ का संदेश दिया।

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रीनगर में अपनी सहजता और सादगी से स्थानीय नागरिकों का दिल जीत लिया। जीवीके हेलीपैड से सड़क मार्ग द्वारा देहरादून जाते समय मुख्यमंत्री ने श्रीनगर चुंगी के पास एक स्थानीय दुकान पर रुककर चाय का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने खुद बच्चियों, आम नागरिकों और अधिकारियों को चाय परोसी तथा दुकानदारों से आत्मीय संवाद किया।
मुख्यमंत्री धामी का यह दौरा मुख्य रूप से सड़क मार्ग के निरीक्षण और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए था। अचानक मुख्यमंत्री को अपने बीच इतने सादे अंदाज में देखकर स्थानीय दुकानदारों और लोगों में खासा उत्साह और खुशी देखी गई। सीएम धामी ने लोगों से बातचीत कर उनके हाल-चाल जाने और छोटी-छोटी बच्चियों से मुस्कुराकर आत्मीयता से संवाद किया।
स्थानीय दुकान पर बैठकर चाय पीना और छोटे व्यापारियों से सीधा संवाद स्थापित करना ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को स्पष्ट रूप से रेखांकित करता है। मुख्यमंत्री की इस पहल ने न केवल स्थानीय दुकानदारों का हौसला बढ़ाया, बल्कि क्षेत्रीय उत्पादों और छोटे कारोबारियों को प्रोत्साहन देने का भी एक मजबूत संदेश दिया है।
सरकार की प्राथमिकताओं में छोटे व्यापारियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देना शामिल है। मुख्यमंत्री धामी के इस सादगी भरे कदम से संदेश जाता है कि स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने में नेतृत्व और आम जनता की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री के इस सहज व्यवहार की जमकर सराहना की है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›