Report by : CWN Desk
Published at :
1004436169

देहरादून के जौनसार की डॉ. मोनिका राणा तमिलनाडु के तेनकासी जिले की पहली महिला डीएम बनी हैं। 2018 बैच की आईएएस अधिकारी का यह सफर युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।

देहरादून। उत्तराखंड के पहाड़ी अंचल के लिए एक बार फिर गर्व का क्षण आया है। प्रदेश की प्रतिभाशाली बेटी और 2018 बैच की आईएएस अधिकारी डॉ. मोनिका राणा ने तमिलनाडु के तेनकासी जिले में जिलाधिकारी (डीएम) का पदभार ग्रहण किया है। इसके साथ ही वह इस जिले की कमान संभालने वाली पहली महिला डीएम बन गई हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे उत्तराखंड और विशेषकर उनके गृह जिले में खुशी की लहर है।
डॉ. मोनिका राणा मूल रूप से उत्तराखंड के देहरादून जिले के सीमांत जौनसार क्षेत्र की रहने वाली हैं। उनका पैतृक गांव नाडा (लाखामंडल) है। सिविल सेवा परीक्षा में 577वीं रैंक हासिल कर आईएएस बनने से पहले वह एक पेशेवर डॉक्टर भी रही हैं। उन्होंने प्रतिष्ठित मद्रास मेडिकल कॉलेज (डॉ. एमजीआर मेडिकल यूनिवर्सिटी) से मेडिसिन और सर्जरी में एमबीबीएस की डिग्री हासिल की है।
डीएम बनने से पूर्व डॉ. मोनिका तिरुनेलवेली नगर निगम में कमिश्नर के पद पर तैनात थीं। 18 जुलाई 1990 को जन्मीं डॉ. मोनिका ने अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत उधगमंडलम में सहायक कलेक्टर के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने एडिशनल कलेक्टर (डेवलपमेंट) और प्रोजेक्ट ऑफिसर जैसे कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दीं।
अपने कार्यकाल के दौरान वह अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निडर प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर काफी चर्चा में रहीं। एक डॉक्टर से लेकर आईएएस अफसर बनने तक का उनका यह सफर कड़े संघर्ष और समर्पण से भरा रहा है। उनकी यह सफलता उत्तराखंड के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं और विशेषकर बेटियों के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत बनी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›