Report by : CWN Desk
Published at :
IMG 20261109 WA0000

उत्तराखंड क्रांति दल के पूर्व अध्यक्ष डॉ. नारायण सिंह जन्तवाल पंचतत्व में विलीन हुए। रानीबाग में दोनों बेटियों ने मुखाग्नि देकर पिता की अंतिम इच्छा पूरी की।

हल्द्वानी। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के पूर्व अध्यक्ष और नैनीताल के पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जन्तवाल आज रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर पंचतत्व में विलीन हो गए। राज्य निर्माण आंदोलन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले इस महान नेता को अंतिम विदाई देने के लिए प्रदेशभर से जन आंदोलनकारी, राजनीतिक दिग्गज और स्थानीय नागरिक भारी संख्या में पहुंचे।
चित्रशिला घाट पर आज समाज की कई पुरानी रूढ़िवादी परंपराएं टूटती नजर आईं। आमतौर पर समाज में बेटियां माता-पिता को मुखाग्नि नहीं देती हैं और पत्नी भी पति की अंतिम यात्रा में घाट तक नहीं जाती हैं। लेकिन डॉ. जन्तवाल की अंतिम यात्रा में उनकी दोनों बेटियों ने अपने पिता को मुखाग्नि दी, वहीं उनकी पत्नी प्रो. सावित्री कैड़ा जन्तवाल भी घाट पर मौजूद रहीं।
बेटियों ने अत्यंत भावुक होकर बताया कि यह उनके पिता की ही अंतिम इच्छा थी। डॉ. जन्तवाल अक्सर कहा करते थे कि मेरी दोनों बेटियां ही मेरी अंतिम यात्रा की सभी रस्में पूरी करेंगी। बेटियों ने पिता के इन शब्दों को याद रखते हुए उनकी अंतिम इच्छा को पूरे सम्मान के साथ पूरा किया।
इस दुखद क्षण में प्रो. सावित्री जन्तवाल ने अदम्य साहस और आत्मबल का परिचय दिया। उन्होंने घाट पर उपस्थित सभी लोगों को डॉ. जन्तवाल के अंतिम पलों की जानकारी दी। पूरा माहौल अत्यंत करुणामय और भावुक था। सभी ने नम आंखों से उत्तराखंड के इस जननायक को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›