Report by : CWN Desk
Published at :
धारचूला में बैंक मैनेजर पर गार्ड ने पेट्रोल छिड़ककर इसलिए लगाई आग

मैनेजर को गंभीर हालत में हेलीकॉटर से रेस्क्यू कर हल्द्वानी से दिल्ली रेफर किया

पिथौरागढ़। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के सुरक्षा गार्ड छुट्टी नहीं मिलने से नाराज था। गुस्से में गार्ड ने बैंक मैनेजर पर ही पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। मैनेजर को प्राथमिक इलाज के बाद हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कर हायर सेंटर हल्द्वानी में भर्ती किया गया है। हल्द्वानी से दिल्ली रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
शनिवार को नगर स्थित एसबीआई के मैनेजर मुंगेर (बिहार) निवासी मोहम्मद ओवेश (57) बैंक पहुंचे। करीब 10 बजकर 14 मिनट पर बैंक का सुरक्षा गार्ड भगवानपुर, देहरादून निवासी दीपक छेत्री (48) पुत्र सोबन छेत्री उनके केबिन में पहुंचा। बताया जा रहा है कि करीब दो मिनट तक दोनों के बीच अवकाश देने को लेकर बात हुई। इस बीच करीब 10 बजकर 16 मिनट पर गार्ड ने एक बोतल निकाली और मैनेजर के ऊपर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। मैनेजर को जलता देख बैंक में अफरातफरी मच गई। वहां लेनदेन के लिए पहुंचे व्यापारी सतीश कुमार ने हिम्मत दिखाते हुए केबिन में मौजूद अग्निशमन यंत्र से किसी तरह आग बुझाई। बाद में 108 एंबुलेंस के ईएमटी विवेक कार्की और चालक लक्ष्मण चंद झुलसी हालत में बैंक मैनेजर को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां चिकित्सक डॉ.चेतन कुमार ने बताया कि मैनेजर का 36 फीसदी शरीर आग से झुलस गया है। घायल को सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया है। 

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›