Report by : CWN Desk
Published at :

देहरादून। श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में एक महिला ने तीन बच्चों को जन्म दिया है। चकराता क्षेत्र की ग्राम पंचायत मगरोली के डोंडा गांव निवासी महिला की चिकित्सकों ने सिजेरियन डिलीवरी कराई। डॉक्टर के मुताबिक बच्चे और मां स्वस्थ हैं। परिवार में एक बेटा और दो बेटियां एक साथ आने से परिजन खुश हैं।
तीन बच्चों को एक साथ जन्म देने का चकराता क्षेत्र में यह पहला मामला बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार बीते शुक्रवार को गर्भवती को प्रसव पीड़ा हुई थी। इसके बाद परिजनों ने उन्हें निजी वाहन से श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के डाॅक्टरों ने सफल सिजेरियन डिलीवरी करवाई। महिला की यह पहली डिलीवरी थी। अस्पताल में सुखद ट्रिप्लीकेट डिलीवरी का मामला मरीजों और स्टाफ के बीच चर्चा का विषय बना रहा। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. प्रेरक मित्तल ने परिवारजनों को शुभकामनाएं दीं। बच्चों के पिता सशस्त्र सीमा बल में हवलदार के पद पर तैनात हैं। जैसे ही उन्हें अपनी पत्नी के सुरक्षित प्रसव की सूचना मिली तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वह तुरंत छुट्टी लेकर श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल पहुंचे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›