Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी में आंचल दूध और घी हुआ महंगा, आज से लागू हुए नए दाम

हल्द्वानी (उत्तराखंड): नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने आंचल ब्रांड के दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। यह नई कीमतें आज रविवार से लागू हो गई हैं। आम उपभोक्ता के लिए सबसे अधिक उपयोग में आने वाला आंचल स्टैंडर्ड दूध अब दो रुपये महंगा हो गया है। पहले ₹66 प्रति लीटर बिकने वाला दूध अब ₹68 प्रति लीटर मिलेगा। आधा लीटर वाला पैक ₹29 से बढ़कर ₹30 का हो गया है।

संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि गाय के दूध के दाम भी ₹56 से बढ़कर ₹58 प्रति लीटर हो गए हैं। इसके अलावा, आंचल घी के दामों में 20 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। पहले जहां एक लीटर घी ₹610 में उपलब्ध था, अब यह ₹630 में मिलेगा। आधा किलो घी अब ₹320 और पाव किलो ₹130 में बिकेगा।

दुग्ध उत्पादों की कीमतों में भी वृद्धि की गई है। 15 ग्राम आंचल मक्खन अब ₹15 में मिलेगा, जबकि पहले यह ₹10 का था। सौ ग्राम मक्खन की कीमत ₹58 हो गई है, जो पहले ₹55 थी। 500 ग्राम मक्खन ₹270 से बढ़कर ₹285 में मिलेगा। आंचल क्रीम की कीमत ₹500 से बढ़कर ₹530 प्रति किलो हो गई है। वहीं, खोया अब ₹410 प्रति किलो मिलेगा, जो पहले ₹400 था।

इसके अलावा, 500 मिलीलीटर मटका घी की कीमत ₹3050 से बढ़कर ₹3125 कर दी गई है। संघ की ओर से बताया गया कि यह मूल्यवृद्धि उत्पादन लागत बढ़ने के कारण की गई है, जिससे किसानों को भी उचित मूल्य मिल सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›