Report by : CWN Desk
Published at :
ऋषिकेश में हादसा: चीला शक्ति नहर के किनारे सेल्फी लेना पड़ा भारी, नोएडा का युवक बहा

नोएडा से ऋषिकेश घूमने आए 26 वर्षीय आयुष का पैर फिसलने से वह चीला शक्ति नहर के तेज बहाव में बह गया। एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।

ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश में एक बार फिर सेल्फी लेने का शौक जानलेवा साबित हुआ है। नोएडा से अपने दोस्तों के साथ घूमने आया एक युवक चीला शक्ति नहर के किनारे सेल्फी लेते समय अपना संतुलन खो बैठा और नहर के तेज बहाव में बह गया। लापता युवक की पहचान 26 वर्षीय आयुष के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के पटना का निवासी था और वर्तमान में नोएडा में रह रहा था।
एसडीआरएफ (SDRF) इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण के अनुसार, आयुष अपने दो मित्रों—ऋतिक मिश्रा और श्रुति वत्स—के साथ निजी कार से हरिद्वार और ऋषिकेश घूमने पहुंचा था। चीला मार्ग पर कुनाऊ सौड़ गुर्जर बस्ती के समीप उन्होंने गाड़ी रोकी। आयुष नहर के पैराफिट को पार कर अंदर की ओर खड़ा होकर सेल्फी लेने लगा। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह पलक झपकते ही चीला शक्ति नहर की लहरों में ओझल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। टीम ने गुर्जर बस्ती से लेकर चीला बैराज तक राफ्ट के माध्यम से गहन सर्चिंग अभियान चलाया है। हालांकि, पानी का बहाव बहुत तेज होने के कारण अब तक युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है। इस दुखद घटना के बाद आयुष के दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
पुलिस और प्रशासन ने पर्यटकों से बार-बार अपील की है कि वे नदी और नहरों के किनारे सेल्फी लेने के चक्कर में अपनी जान जोखिम में न डालें। एसडीआरएफ उत्तराखंड की टीम अंधेरा होने तक सर्च ऑपरेशन में जुटी रही, जिसे अगले दिन पुनः बड़े स्तर पर शुरू किया जाएगा। यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी कितनी भारी पड़ सकती है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›