Connect with us

हल्द्वानी

रामनगर: हथियारबंद लकड़ी तस्करों से जंगल में मुठभेड़, वन विभाग की जवाबी फायरिंग में भागे आरोपी

Published

on

खबर शेयर करें 👉

रामनगर। तराई पश्चिम वन प्रभाग की उत्तरी अपर कोसी रेंज के जंगल में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब 25 से 30 हथियारों से लैस लकड़ी तस्कर जंगल में घुस आए। तस्करों की गतिविधि की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तस्करों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में वन विभाग की टीम ने भी कई राउंड फायरिंग की। इस दौरान करीब आधे घंटे तक दोनों ओर से गोलियां चलती रहीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

वन विभाग के एसडीओ मनीष जोशी को रात करीब साढ़े नौ बजे सूचना मिली थी कि ग्राम पापड़ी के पास जंगल में हथियारबंद तस्कर देखे गए हैं। तत्काल टीम को लेकर मौके पर पहुंचे एसडीओ ने बताया कि तस्कर बाइकों से जंगल में दाखिल हुए थे और खैर के पेड़ों की अवैध कटान की योजना बना रहे थे। जब टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो तस्करों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। स्थिति को देखते हुए टीम ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की।

यह भी पढ़ें 👉  अब हल्द्वानी में समुदाय विशेष की दुकानें बंद करवाई, साइन बोर्ड-फ्लेक्सी फाड़े, हंगामा

करीब 40 राउंड फायरिंग की सूचना मिली है। मुठभेड़ की आवाजें सुनकर आसपास के गांवों से ग्रामीण भी बाइकों व अन्य वाहनों से मौके पर पहुंचे और वन विभाग का साथ दिया। संख्या बल बढ़ने से वन विभाग को मजबूती मिली और उन्होंने मोर्चा संभालते हुए तस्करों को जंगल से खदेड़ दिया। खुद को घिरता देख तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर बाइकों से फरार हो गए।

यह भी पढ़ें 👉  बेटी की शादी की जगह पिता ने इसलिए छपवाए तेरहवीं के कार्ड, समाज में मचा हड़कंप

एसडीओ मनीष जोशी ने बताया कि तस्कर संगठित गिरोह की तरह काम कर रहे थे और बड़ी संख्या में पेड़ काटने की योजना थी, लेकिन विभाग और ग्रामीणों की सतर्कता से उनके मंसूबों पर पानी फिर गया। वन विभाग की टीम ने उनका काफी दूर तक पीछा भी किया, लेकिन रात होने के कारण वे पकड़ में नहीं आ सके।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस पूरे घटनाक्रम में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन यह घटना वन संपदा की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चुनौतियों को उजागर करती है। ग्रामीणों के सहयोग की वजह से बड़ी क्षति होने से बच गई।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement