Report by : CWN Desk
Published at :
किच्छा में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, मदरसे समेत दुकानों को किया ध्वस्त

किच्छा (उत्तराखंड): शनिवार सुबह प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में रुद्रपुर तहसील के ग्राम कुरैया में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। सुबह करीब 5:30 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से किच्छा के पास बने अलजामियातुल हुसैनिया मदरसे को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। मदरसे के साथ-साथ छह दुकानों को भी तोड़ा गया।

यह कार्रवाई करीब चार घंटे चली, जिसमें किसी प्रकार का विरोध नहीं हुआ। प्रशासन की ओर से बताया गया कि यह भूमि 0.2410 हेक्टेयर की है और बंजर भूमि के रूप में दर्ज है। लंबे समय से इस जमीन पर मदरसा और दुकानें बनी हुई थीं, जिसे राजस्व विभाग ने अतिक्रमण मानते हुए नोटिस जारी किया था। नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके चलते प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई की।

इस दौरान जिलेभर से पुलिस बल बुलाया गया था। दो एसडीएम और चार सीओ के नेतृत्व में कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न हुई। जैसे ही मदरसे के ध्वस्तीकरण की खबर विधायक तिलकराज बेहड़ को मिली, वे मौके के लिए रवाना हुए, लेकिन पुलिस ने उन्हें ग्राम चकौनी में रोक दिया। इस पर उनकी पुलिस से तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई। नाराज होकर वे धरने पर बैठ गए, हालांकि बाद में अधिकारियों के समझाने पर वह लौट गए।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›