Connect with us

देहरादून

अग्निवीर भर्ती: कोटद्वार में 15 जनवरी से सजेगा रण, 13 हजार युवा दिखाएंगे दमखम

Published

on

खबर शेयर करें 👉

कोटद्वार के गब्बर सिंह शिविर में 15 जनवरी से अग्निवीर भर्ती रैली शुरू हो रही है। गढ़वाल के 7 जिलों के 13,000 अभ्यर्थी होंगे शामिल। कर्नल आर एस पंवार ने जारी किए निर्देश।

कोटद्वार/लैंसडाउन: भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में राष्ट्र सेवा का सपना देख रहे उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ी खबर है। कोटद्वार के गब्बर सिंह शिविर में आगामी 15 जनवरी 2026 से 30 जनवरी 2026 तक भव्य भर्ती रैली और शारीरिक परीक्षण का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली में सीईई (CEE) 2025 परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले गढ़वाल मंडल के 7 जिलों के लगभग 13,000 से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे।
भर्ती रैली में चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, देहरादून और हरिद्वार के युवा हिस्सा लेंगे। इस दौरान अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD), क्लर्क, तकनीकी और ट्रेड्समैन जैसे विभिन्न पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। एआरओ लैंसडाउन के निदेशक कर्नल आर एस पंवार ने बताया कि प्रतिदिन लगभग 1100 उम्मीदवारों के पहुंचने की संभावना है, जिसके लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।
उम्मीदवारों के लिए आधार वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है। अभ्यर्थियों को अपने साथ आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर लाना जरूरी है। इसके अलावा एडमिट कार्ड, 20 पासपोर्ट साइज फोटो, मूल निवास, जाति प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र और पैन कार्ड जैसे सभी मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे। कर्नल पंवार ने स्पष्ट किया कि सेना में चयन की प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी है, इसलिए दलालों से सावधान रहें।
प्रशासन की ओर से अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बस सेवाओं का प्रावधान किया गया है। कोटद्वार के एसडीएम चतर सिंह चौहान और जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया के नेतृत्व में रैली ग्राउंड पर पुलिस बल, दमकल कर्मी और मेडिकल टीम तैनात रहेगी। अभ्यर्थियों के प्रवेश के लिए दौड़ और मेडिकल जांच हेतु अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
कर्नल आर एस पंवार ने भर्ती प्रक्रिया में सहयोग के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि वे भर्ती स्थल पर अनुशासन बनाए रखें और अपनी मेहनत पर भरोसा करें। रैली के दौरान प्राथमिक उपचार के लिए एम्बुलेंस और चिकित्सा अधिकारियों की टीम 24 घंटे मैदान पर मुस्तैद रहेगी।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement