Report by : CWN Desk
Published at :
अल्मोड़ा: 16 वर्षीय छात्रा बनी मां, दो चचेरे भाइयों सहित तीन पर दुष्कर्म का आरोप

अल्मोड़ा: पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची एक नाबालिग छात्रा के गर्भवती होने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जांच में पता चला कि छात्रा आठ महीने की गर्भवती थी, जिसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के आरोप में दो चचेरे भाइयों समेत तीन लोगों के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, नैनीताल जिले की रहने वाली 16 साल की यह छात्रा अल्मोड़ा के एक सरकारी स्कूल में पढ़ती है। सोमवार को पेट में तेज दर्द होने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर गए। जांच में छात्रा के गर्भवती होने का खुलासा हुआ, और मंगलवार को उसने एक बच्चे को जन्म दिया। पुलिस को दी गई जानकारी में छात्रा ने बताया कि लोकलाज के डर से उसने इस घटना के बारे में किसी को नहीं बताया था।
पुलिस के अनुसार, दुष्कर्म की यह घटना छात्रा के गृह जिले नैनीताल में हुई थी। इसलिए, अल्मोड़ा कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद इसे नैनीताल जिले के भवाली थाने में ट्रांसफर करने की तैयारी कर ली है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर समाज में नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›