Report by : CWN Desk
Published at :
रुड़की में मानव तस्करी विरोधी सेल की कार्रवाई: होटल से तीन युवतियां और होटल मैनेजर समेत छह गिरफ्तार

रुड़की। हरिद्वार से आई मानव तस्करी विरोधी सेल की टीम ने सोमवार शाम गंगनहर कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर रुड़की में बड़ा ऑपरेशन किया। टीम ने आजाद नगर चौक के समीप स्थित सत्यम पैलेस होटल पर छापा मारा और मौके से तीन युवतियों, होटल मैनेजर व अन्य दो व्यक्तियों समेत कुल छह लोगों को हिरासत में लिया है।

गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी ने बताया कि होटल में देह व्यापार संचालित होने की गुप्त सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। छापेमारी के दौरान होटल के कमरों से तीन युवतियों को बरामद किया गया, जबकि होटल मैनेजर और अन्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए एक युवक और युवती पूर्व में भी देह व्यापार के आरोप में जेल जा चुके हैं। फिलहाल इन दोनों ने सत्यम पैलेस होटल को लीज पर ले रखा था, जहां इस अवैध कारोबार को संचालित किया जा रहा था।

इस मामले में होटल के संचालक और साझेदार अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है। गिरफ्तार किए गए सभी छह आरोपियों को गंगनहर कोतवाली लाया गया है, जहां पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर रही है। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

गौरतलब है कि मानव तस्करी विरोधी सेल नियमित रूप से इस तरह के अवैध धंधों पर कार्रवाई करता है ताकि महिलाओं को इस दलदल से बाहर निकाला जा सके। पुलिस ने इस मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई करने के संकेत दिए हैं ताकि भविष्य में इस तरह के अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›