Report by : CWN Desk
Published at :
काशीपुर में युवती पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी जेल से छूटा तो परिजनों और परिचितों ने की आतिशबाजी

बाइक के साथ निकले जुलूस का वीडियो वायरल, वीडियो में दिख रहे कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया
रुद्रपुर
। काशीपुर में इसी साल फरवरी में बहन के साथ ट्यूशन पढ़ने जा रही युवती पर धारदार हथियार से हमला करने वाले आरोपियों का जमानत मिलने पर परिजनों और परिचितों ने आतिशबाजी और ढोल बजाकर स्वागत किया। बाइक के साथ निकले जुलूस का वीडियो वायरल होने पर शहर भर में खलबली मच गई। इस पर वीडियो में दिख रहे कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
बता दें कि, शहर के खालसा मोहल्ले में फरवरी 2024 में बहन के साथ ट्यूशन जा रही युवती पर धारदार हथियार से हमला करके उसकी हत्या का प्रयास करने के आरोप में गिरफ्तार मुख्य आरोपी और उसके भाई को जमानत मिल गई। जमानत पर छूटने के बाद दोनों का परिजनों और परिचितों ने बकायदा हीरो की तरह ढोल बजाकर उनके स्वागत में आतिशबाजी की।
इसका सोमवार की देर रात वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। इसके बाद वीडियो में दिखाई दे रहे कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस का दावा है कि उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस अधिनियम में सभी का चालान किया जाएगा।
काशीपुर के खालसा मोहल्ले में फरवरी में एक परिवार की लड़की अपनी बहन के साथ शाम करीब 4:00 बजे ट्यूशन जा रही थी तभी उस पर गैर समुदाय के एक युवक ने अपने साथियों के साथ धारदार हथियार से हमला किया था। आरोप है कि वह पहले भी इस तरह की हरकतें कर चुका था। मौके पर पहुंची पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित उसके परिवार वालों और रिश्तेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। साथ ही उनके घर पर बुलडोजर भी चलाया था। बताया गया कि मुख्य आरोपी फरदीन और उसका भाई जमानत पर रिहा हुआ और परिवार वालों ने उसके स्वागत में काफी भीड़ एकत्रित कर दी।  कटोरा ताल चौकी प्रभारी विपुल जोशी ने बताया कि आठ से दस लोग हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है और माहौल खराब करने वालों से शक्ति से निपटा जाएगा। वहीं पीड़ित युवती के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›