Report by : CWN Desk
Published at :
भवन निर्माण पर रोक से श्रमिकों की रोजी पर संकट, जल संकट के चलते 20 जून तक बंदिशें

हल्द्वानी। गर्मी के मौसम में गहराते जल संकट को देखते हुए नैनीताल जिले में 15 अप्रैल से 20 जून तक भवन निर्माण पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। जिलाधिकारी वंदना सिंह ने शुक्रवार को जल संस्थान की सभी डिवीजनों को आदेश जारी करते हुए निर्माण कार्यों के लिए स्वीकृत सभी पेयजल कनेक्शनों को निरस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही, इस अवधि में किसी भी तरह का नया कनेक्शन भी नहीं दिया जाएगा।

शहर से लेकर गांवों तक गर्मी की शुरुआत के साथ ही पानी का संकट उभरने लगा है। ऐसे में बड़ी मात्रा में भवन निर्माण कार्यों में पानी की खपत हो रही थी। जल संस्थान ने नियमों के तहत निर्माण कार्यों के लिए कनेक्शन जरूर दिए थे, लेकिन पानी की कमी को देखते हुए अब इन कनेक्शनों को भी बंद किया जा रहा है। यह निर्णय हल्द्वानी, रामनगर, लालकुआं और नैनीताल सहित पूरे जिले में लागू किया गया है।

इस रोक का सबसे ज्यादा असर भवन निर्माण में काम करने वाले श्रमिकों पर पड़ा है। जिले में हर दिन करीब दो हजार कुशल और अकुशल श्रमिक भवन निर्माण कार्यों से अपनी रोजी-रोटी कमाते हैं। निर्माण कार्य रुकने से इन मजदूरों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। गर्मी में जब आमदनी के विकल्प पहले ही सीमित होते हैं, ऐसे में यह फैसला उनके लिए दोहरी मार लेकर आया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में वर्षों से पेयजल संकट की स्थिति बनी हुई है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस प्रयास नहीं हो रहा। हर साल गर्मी में बिना पूर्व तैयारी के निर्माण और अन्य कार्यों पर रोक लगा दी जाती है, जिससे आमजन, मजदूर और कारोबारी सभी प्रभावित होते हैं।

जल संस्थान और प्रशासनिक अधिकारियों से यह अपेक्षा की जा रही है कि वे दीर्घकालिक समाधान की ओर ध्यान दें, जिससे हर साल इस प्रकार की असुविधा और रोजगार संकट से लोगों को न गुजरना पड़े।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›