Report by : CWN Desk
Published at :
ऋषिकेश में बड़ा हादसा: गंगा में बहे दो लोग, तलाश जारी

ऋषिकेश। शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब दो लोग गंगा में तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। घटना सुबह करीब साढ़े दस बजे मस्तराम घाट की है। लक्ष्मणझूला थाना पुलिस को सूचना मिली कि दो लोग नदी में डूब गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक व्यक्ति नहाते समय नदी में काफी आगे निकल गया और तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के लिए उसका साथी भी आगे बढ़ा, लेकिन वह भी बहाव की चपेट में आ गया। हादसे के बाद से दोनों लापता हैं।

एसडीआरएफ टीम ने सभी संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया, यहां तक कि पशुलोक बैराज तक सर्च ऑपरेशन किया गया, लेकिन अभी तक दोनों व्यक्तियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस के अनुसार, दोनों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है।

प्रशासन की ओर से यह बताया गया कि घाट पर चेतावनी बोर्ड लगे होने के बावजूद पर्यटक लापरवाही बरतते हैं और गंगा में आगे चले जाते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।

एसडीआरएफ और पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि गंगा का जलस्तर इस समय बहुत अधिक है, इसलिए नदी के किनारे जाने से बचें और केवल सुरक्षित तथा निर्धारित घाटों का ही प्रयोग करें। प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›