Connect with us

देहरादून

देहरादून में बड़ा एक्शन: पित्थूवाला पॉलीटेक्निक बवाल में आरोपी दरोगा सस्पेंड, विभागीय जांच शुरू

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून के पित्थूवाला पॉलीटेक्निक कॉलेज में परीक्षा के दौरान हुए नकल विवाद और शिक्षकों से मारपीट के मामले में एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी दरोगा को सस्पेंड कर दिया है।

देहरादून। पित्थूवाला पॉलीटेक्निक कॉलेज परीक्षा विवाद में पुलिस कप्तान ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने पद की गरिमा के विपरीत आचरण करने और शिक्षकों के साथ कथित मारपीट के आरोपी दरोगा महेश कंडवाल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। निलंबन की इस बड़ी कार्रवाई के साथ ही आरोपी दरोगा के खिलाफ कड़क विभागीय जांच भी बैठा दी गई है। दूरसंचार विंग में तैनात दरोगा पर लगे इन संगीन आरोपों के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस की एक विशेष टीम सोमवार को पित्थूवाला पॉलीटेक्निक कॉलेज पहुंचकर मौका-मुआयना करेगी। बीते चार जून को इंजीनियरिंग-ड्रॉइंग की सेमेस्टर परीक्षा के दौरान नकल को लेकर कॉलेज परिसर में भारी बवाल हुआ था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। अब पुलिस का पूरा ध्यान जमीनी साक्ष्यों को जुटाने, सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मौके पर मौजूद चश्मदीदों के बयान दर्ज करने पर टिका हुआ है।
वहीं दूसरी ओर, पॉलीटेक्निक कॉलेज प्रशासन ने भी परीक्षा के दौरान लापरवाही बरतने वाले अपने स्टाफ पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कॉलेज के प्राचार्य अवनीश जैन ने परीक्षा कक्ष निरीक्षक के रूप में तैनात कर्मशाला अनुदेशक मोहम्मद मुस्तफा को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है। सीसीटीवी जांच में यह सामने आया कि परीक्षा कक्ष में छात्र आपस में बातचीत कर रहे थे और दो छात्र नकल गतिविधियों में शामिल थे, लेकिन ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी ने उन्हें रोकने का कोई पर्याप्त प्रयास नहीं किया।
इस घटना को लेकर राज्य के शिक्षक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। निजी कॉलेज एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष डॉ. सुनील अग्रवाल ने शिक्षकों के साथ हुई इस अभद्रता की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। राज्य पॉलीटेक्निक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने इस गंभीर मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात का समय मांगा है। वहीं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने भी दून पुलिस को इस पूरे मामले में नियमानुसार निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement