Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून में छात्र गुटों का खूनी संघर्ष: उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के छात्र की फावड़े से मारकर हत्या

देहरादून के प्रेमनगर में मुजफ्फरनगर के छात्र दिव्यांशु जटराणा की वर्चस्व की जंग में हत्या। पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा, 15 नामजद। जानें केहरी गांव की खूनी झड़प की पूरी कहानी।

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में सोमवार रात छात्रों के दो गुटों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में एक होनहार छात्र की जान चली गई। उत्तरांचल यूनिवर्सिटी में बी.टेक (B.Tech) के छात्र दिव्यांशु जटराणा (22) पर दूसरे गुट के छात्रों ने फावड़े और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उपचार के दौरान छात्र ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना सोमवार रात करीब 8:30 बजे प्रेमनगर के केहरी गांव स्थित ‘बावा की रसोई’ के पास हुई। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी दिव्यांशु अपने दोस्तों के साथ खाना खाने गया था। पुलिस के अनुसार, वहां पहले से मौजूद दूसरे गुट के छात्रों के साथ पुरानी रंजिश और वर्चस्व को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि 15 से अधिक छात्रों ने एक राय होकर दिव्यांशु पर हमला बोल दिया। हमले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
गंभीर रूप से घायल दिव्यांशु को पहले प्रेमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से उसे दून अस्पताल रेफर किया गया। एम्बुलेंस खराब होने की स्थिति में देहरादून पुलिस ने अपने वाहन से उसे अस्पताल पहुँचाया, लेकिन देर रात उसकी मौत हो गई। दिव्यांशु के चाचा गौरव राणा की शिकायत पर पुलिस ने 15 नामजद छात्रों के खिलाफ हत्या (धारा 302), दंगा और साजिश रचने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें युवराज कुमार (BBA), मधुर खंडेलवाल (B.Tech) और शिवम शर्मा (B.Tech) शामिल हैं। ये सभी छात्र प्रेमनगर क्षेत्र में किराए पर रह रहे थे। मृतक दिव्यांशु के पिता मुजफ्फरनगर में किसान हैं और उनका परिवार इस घटना से गहरे सदमे में है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बल तैनात किया गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›