नई दिल्ली
देहरादून में पालतू कुत्तों को लेकर खूनी संघर्ष: दरोगा और बेटे का सिर फोड़ा
देहरादून के नेहरू कॉलोनी में पिटबुल कुत्ते के हमले के बाद दो पक्षों में विवाद। कोतवाली में तैनात दरोगा और उनके बेटे पर धारदार हथियार से हमला, क्रॉस केस दर्ज।
देहरादून। पालतू कुत्तों को लेकर दो परिवारों के बीच खूनी संघर्ष का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस हिंसक झड़प में दून कोतवाली में तैनात एक दरोगा (सब-इंस्पेक्टर) और उनके बेटे का सिर फट गया। घटना के कई दिन बाद नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह पूरी घटना दो जुलाई की रात नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के अंतर्गत 6 नंबर पुलिया, आदर्श कॉलोनी में हुई। दून कोतवाली परिसर निवासी दरोगा नवीन भारद्वाज अपने पोते के मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने यहाँ आए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब वह अपने पालतू कुत्ते को चेन से बांधकर गाड़ी की तरफ लौट रहे थे, तभी अचानक यह विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि रास्ते में रहने वाले धर्मेंद्र भट्ट के घर से अचानक एक पिटबुल कुत्ता बाहर आया और उसने दरोगा के कुत्ते पर हमला कर दिया। दरोगा और उनके बेटे ने किसी तरह अपने कुत्ते को बचाया। आरोप के मुताबिक, जब उन्होंने इस बात का विरोध किया, तो आरोपी पक्ष ने मदद करने के बजाय गालीगलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
इस हमले में दरोगा नवीन भारद्वाज के सिर पर गंभीर चोट आई और वे मौके पर ही बेहोश हो गए। बीच-बचाव करने आए उनके बेटे के सिर पर भी जानलेवा वार किया गया। दून अस्पताल में इलाज के दौरान दरोगा के सिर में छह और उनके बेटे के सिर में दो टांके आए हैं। दरोगा ने आरोपी पक्ष पर सोने की चेन लूटने का भी आरोप लगाया है।
नेहरू कॉलोनी के एसओ मनोज नौटियाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना में दोनों ही पक्षों के लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस को दोनों तरफ से शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद जांच के आधार पर दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब मामले की बारीकी से जांच कर रही है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
