Report by : CWN Desk
Published at :
बिल्डर के घर ईडी का छापा, पांच लाख रुपये नकद और आईफोन बरामद

देहरादून। रजिस्ट्री फर्जीवाड़े से जुड़ी जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक बिल्डर के घर से पांच लाख रुपये नकद और एक आईफोन बरामद किए हैं। इसके अलावा अधिवक्ता विरमानी और अन्य आरोपियों के घर से भी बहुत से दस्तावेज जुटाए गए हैं। ईडी अभी इन सब दस्तावेज की समीक्षा में लगी है। जल्द ही अधिकारिक खुलासा भी ईडी की ओर से किया जा सकता है।
बता दें कि रजिस्ट्री फर्जीवाड़े में पुलिस ने कुल 13 मुकदमे दर्ज किए थे। गत जनवरी 2024 में ईडी को इस मामले के सभी दस्तावेज सौंपे थे। ईडी ने इस मामले में जांच की और दिल्ली, देहरादून, पंजाब के क्षेत्रीय कार्यालयों की एक संयुक्त टीम ने देशभर के पांच राज्यों में आरोपियों के घर छापे मारे। इनमें उत्तर प्रदेश, आसाम, पंजाब और दिल्ली भी शामिल हैं। रजिस्ट्री फर्जीवाड़े में सबसे पहले आसाम के ही डिब्रूगढ़ के दो आरोपियों के नाम सामने आए थे। लिहाजा ईडी ने इनके घरों में भी छापे मारे। देहरादून की बात करें तो यहां पर अधिवक्ता कमल विरमानी, बिल्डर अजय पुंडीर, जितेंद्र खरबंदा आदि के घर छापे मारे गए थे।
ईडी ने दो बिल्डरों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की थी। ईडी के सूत्रों के अनुसार इनमें से अजय पुंडीर के घर से पांच लाख रुपये और एक आईफोन बरामद हुआ है। इसके अलावा अन्य के घरों से दस्तावेज बरामद हुए हैं। जांच के दौरान ईडी जल्द ही इस मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार भी कर सकती है। बताया जा रहा है कि इस मामले में ईडी की जांच लंबी चल सकती है। पांच राज्यों से जुड़े इस मामले में दूसरे दिन भी छापे और अन्य कार्रवाई जारी थी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›