Report by : CWN Desk
Published at :
आए थे कोर्ट में तारीख पर, रात में ओवरटाइम कर की रेकी और 3 वाहन शोरूम पर कर लिया हाथ साफ CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v80), quality = 90?

देहरादून। वाहनों के शोरूम में चोरी करने वाले मध्य प्रदेश के गिरोह के चार सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पिछले दिनों एक ही रात में तीन वाहन शोरूम में चोरी की थी। इससे पहले भी कारों के दो शोरूम में एक आरोपी चोरी कर चुका है। चारों आरोपियों के पास से चोरी किया गया सामान भी बरामद हुआ है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि गत सात अगस्त को डीपीएम हुंडई के मैनेजर तरसेम लाल राणा और मारुति नेक्सा हरिद्वार बाईपास के मैनेजर प्रमोद कुमार ने शिकायत की थी। बताया था कि चोरों ने छह अगस्त की रात उनके शोरूम में ताला तोड़कर चोरी की। चोर वहां से लैपटॉप, नकदी व अन्य सामान ले गए। नेहरू कॉलोनी पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में चोरों के हुलिए दिखाई दिए। इस बीच पता चला कि इस तरह की चोरी पहले भी मोहब्बेवाला स्थित कुछ शोरूम में हो चुकी है। पता चला कि यह गिरोह अभी देहरादून में ही है और अन्य घटनाओं को भी अंजाम दे सकता है।
पुलिस ने मुखबिर के बताए स्थान पर चेकिंग की तो जोगीवाला क्षेत्र से चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। इन्होंने अपने नाम मेवालाल मोहिते, सुनील मोहिते, देव सिंह सोलंकी और सुरेश उर्फ सूरज महत्व बताए। इनमें सुनील मोहिते गुजरात का रहने वाला है। जबकि, बाकी तीनों मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के रहने वाले हैं।
पूछताछ में मेवालाल ने बताया कि उसने मार्च 2024 में ओबरॉय मोटर्स और तान्या ऑटोमोबाइल प्रा.लि. में भी अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की थी। उस वक्त पटेलनगर पुलिस ने उसे साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया था।
मेवालाल ने पुलिस को बताया कि वह गत 25 जुलाई को पटेलनगर के मुकदमों में कोर्ट में तारीख पर आया था। अगले दिन वह पेशी के बाद शिमला घूमने के लिए चला गया। शिमला में रहने के दौरान उसने गूगल के माध्यम से देहरादून के विभिन्न शोरूम की जानकारी जुटाई। इसके बाद दो अगस्त को देहरादून और हरिद्वार बाईपास स्थित शोरूम की रैकी की। मेवालाल ने अपने साथियों को भी मध्य प्रदेश से बुला लिया। आरोपियों ने पहले चोरी की फिर हरिद्वार चले गए। दो दिन रुकने के बाद उन्होंने यामाहा मोटरसाइकिल के शोरूम जोगीवाला और फिर जीएमएस रोड रोहन मोटर्स में चोरी की योजना बनाई। आरोपी रुड़की स्थित महिंद्रा शोरूम में भी चोरी करने वाले थे। आरोपियों के पास से तीन लैपटॉप और 30 हजार रुपये नकद व कटर आदि बरामद हुए हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›