Report by : CWN Desk
Published at :
कैंची धाम हत्याकांड: टैक्सी चालक की संदिग्ध मौत मामले में रेस्टोरेंट मालिक पर FIR दर्ज

रामनगर/कालाढूंगी। उत्तराखंड के रामनगर और कालाढूंगी में गोमांस तस्करी के शक में एक लोडर वाहन के चालक को बेरहमी से पीटने और वाहन में तोड़फोड़ करने की घटना के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। इस मामले में पुलिस ने दो अलग-अलग कोतवाली (रामनगर और कालाढूंगी) में कुल 49 लोगों पर दो मुकदमे दर्ज किए हैं। आरोपियों में स्थानीय भाजपा नेता मदन जोशी का नाम भी शामिल है। पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम में शामिल लोगों को चिन्हित करने के लिए वायरल वीडियो और सीसीटीवी कैमरों की मदद ली है।


क्या है पूरा मामला?
बीते गुरुवार को बरेली से कूलिंग कंटेनर लगे लोडर वाहन में मांस लेकर आ रहे चालक नासिर को रामनगर कोतवाली क्षेत्र के छोई में कुछ लोगों ने रोक लिया था। वाहन में मांस देखकर भीड़ भड़क गई और गोमांस तस्करी का आरोप लगाते हुए चालक नासिर को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसके बाद लोडर को कालाढूंगी कोतवाली की बैलपड़ाव चौकी लाया गया, जहाँ फिर से हंगामा हुआ और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
दोनों कोतवालियों में दो FIR
1. रामनगर कोतवाली में FIR:
रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि चालक नासिर की पत्नी नूरजहां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष मदन जोशी, राजू रावत, सागर मनराल, पंकज और करन (सभी रामनगर निवासी) समेत 30 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। नूरजहां ने नामजद और अज्ञात आरोपियों पर लोहे की रॉड से जान से मारने के प्रयास समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आरोपियों पर हत्या का प्रयास (IPC 307) और बलवा (IPC 147) जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
2. कालाढूंगी कोतवाली में FIR:
बैलपड़ाव पुलिस चौकी में हुई तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में कालाढूंगी कोतवाली में 14 नामजद सहित कई अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि हनीफ पुत्र रहीस निवासी केलाखेड़ा की तहरीर पर रमेश नाथ गोस्वामी, पंकज धस्माना, सागर चौधरी, उमेश चौहान, धर्मेन्द्र टम्टा, नमन अग्रवाल, राजेंद्र पंत, दीपू कश्यप, सागर मनराल, करन आर्या, प्रमोद पंडित, रोहित जोशी, गौरव बिष्ट, पीयूष वर्मा समेत अन्य पर बीएनएस 2023 (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 190/191(2)/191(3)/324(4)/109 के तहत केस दर्ज किया गया है।
तीन आरोपी दोनों मुकदमों में नामजद
पुलिस ने बताया कि इस मामले में सागर मनराल, पंकज और करन आर्या समेत तीन आरोपी ऐसे हैं, जिनके नाम रामनगर और कालाढूंगी, दोनों ही कोटवालियों में दर्ज मुकदमों में शामिल हैं।
वाहन चालक और मालिक पर भी केस
पुलिस ने दूसरे पक्ष की तहरीर पर वाहन स्वामी सलीम खताड़ी और चालक नासिर के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है। शिकायतकर्ता करन पुत्र किशन निवासी छोई की तहरीर में कहा गया है कि जब उन्होंने प्रतिबंधित मांस से भरे वाहन को रोकने की कोशिश की, तो चालक ने उन पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। इन पर धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी संबंधी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
तनाव और सुरक्षा व्यवस्था
घटना के बाद तनाव की आशंका को देखते हुए शुक्रवार को रामनगर में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई थी। इस बीच, आइसा के नगर अध्यक्ष सुमित कुमार ने इस मॉब लिंचिंग की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि शहर का माहौल न बिगड़े।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›