Report by : CWN Desk
Published at :
1 सितंबर से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर हुआ सस्ता, घरेलू पर कोई राहत नहीं

नई दिल्ली। देशभर में 1 सितंबर (सोमवार) से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में कटौती की गई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 51.50 रुपये की कमी की है। नई दरें लागू हो चुकी हैं और इससे होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सीधा फायदा मिलेगा।
कीमतों में कमी के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर अब 1,580 रुपये में मिल रहा है। यह पिछले एक साल में पहली बार है जब इसकी कीमत 1,600 रुपये से नीचे आई है। मुंबई में यह 1,531.50 रुपये, कोलकाता में 1,684 रुपये और पटना में 1,829 रुपये हो गया है।
हालांकि, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर नहीं है। 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे घरों के बजट पर फिलहाल कोई असर नहीं पड़ेगा।
हर महीने की पहली तारीख को कंपनियां सिलेंडर के दाम का रिव्यू करती हैं। ताजा कटौती से होटल व रेस्टोरेंट सेक्टर में गैस खर्च कम होगा, जिससे खाने-पीने की चीजों के दामों में भी मामूली कमी आ सकती है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›