Report by : CWN Desk
Published at :
काशीपुर में व्लॉगर बिरजू मयाल पर जानलेवा हमला, गंभीर रूप से घायल

काशीपुर। जिला नैनीताल के कोटाबाग निवासी व्लॉगर बिरजू मयाल पर जानलेवा हमला हुआ। कार सवार आठ-10 लोगों ने उनकी स्कूटी को टक्कर मारकर लोहे की रॉड और लाठियों से उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें घायलावस्था में सड़क किनारे से बरामद कर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

स्कूटी से काशीपुर जाते समय हुआ हमला

बिरजू मयाल रामनगर से काशीपुर किसी काम से स्कूटी से आ रहे थे। रास्ते में वह हल्दुआ के पास एक रेस्टोरेंट पर चाय पीने रुके, जहां एक परिचित ने उन्हें भूमि विवाद की जानकारी दी। इसके बाद बिरजू वहां से अपने मामा के बेटे से मिलने के लिए निकल पड़े। प्रतापपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के पीरुमदारा नथनपीर मजार के पास दो गाड़ियों में सवार हमलावरों ने उनकी स्कूटी को टक्कर मारी।

लोहे की रॉड और लाठियों से हमला

टक्कर के बाद हमलावरों ने लोहे की रॉड और लाठियों से उन पर हमला किया और गंभीर रूप से घायल कर सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। प्रतापपुर चौकी पुलिस को सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े व्यक्ति की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया।

अस्पताल में कराया गया भर्ती

डॉक्टरों ने बिरजू मयाल को प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कर लिया। उन्होंने पुलिस को बताया कि हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी और कहा कि अगर किसी तरह की कार्रवाई की तो अंजाम बुरा होगा।

हमले के पीछे नेताओं का हाथ होने का आरोप

घायल बिरजू मयाल ने इस हमले के लिए राज्य के कुछ बड़े नेताओं को जिम्मेदार ठहराया और उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

पुलिस ने जांच शुरू की, सीसीटीवी खंगाले जा रहे

एसपी अभय सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस की एक टीम को मौके पर भेजा गया है। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। बिरजू मयाल का एक्स-रे कराया जा रहा है, जिससे चोटों की गंभीरता का पता चल सके।

समर्थकों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

घटना की जानकारी मिलते ही बिरजू मयाल के समर्थक और परिजन बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। एसपी ने आश्वासन दिया है कि पुलिस जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लेगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›