Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून के यूट्यूबर की लिव इन पार्टनर के साथ सातवीं मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर मौत

देहरादून। यूट्यूबर गर्वित बीते तीन दिनों से देहरादून स्थित अपने घर पर ही था। उसके पास शुक्रवार रात फोन आया और वह बहादुरगढ़ के लिए निकल गया। सुबह करीब पांच बजे पहुंचा तो उसने फोन पर अपने पिता को इत्तला भी किया। इसके चंद घंटे बाद ही उसकी माैत की खबर आ गई। इसके बाद गर्वित और नंदिनी के परिवार वाले एकसाथ बहादुरगढ़ के लिए रवाना हो गए।
बहादुरगढ़ में अपनी लिव इन पार्टनर के साथ सातवीं मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर मरने वाले यूट्यूबर गर्वित के पिता सूबेदार सिंह पुलिस में एएसआई हैं और वर्तमान में सीओ सिटी के चालक हैं। सूबेदार सिंह शिमला बाईपास रोड स्थित दून एन्क्लेव में रहते हैं। उनका बड़ा बेटा भी पुलिस में है और प्रयागराज में तैनात हैं। गर्वित सबसे छोटा बेटा था। वह पढ़ाई के बाद यूट्यूब पर वीडियो आदि बनाने लगा। काफी समय से वह तपोवन क्षेत्र की रहने वाली नंदिनी के साथ रहता था। वह भी उसके साथ ही काम करती थी। दोनों लिव इन में रहते थे, जिसकी जानकारी दोनों के परिवार वालों को थी।
पड़ोसियों ने बताया कि गर्वित तीन दिन पहले ही अपने घर आया था।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात को गर्वित के मोबाइल पर एक फोन आया था। फोन सुनने के बाद उसने परिवार वालों से कुछ नहीं कहा और बहादुरगढ़ के लिए निकल गया। परिवार वालों ने ही उसे आईएसबीटी तक छोड़ा। जानकारी के अनुसार गर्वित सुबह करीब पांच बजे बहादुरगढ़ पहुंचा और इसकी जानकारी परिवार वालों को दी। परिवार वाले भी यह सोचकर कि बेटा पहुंच गया है निश्चिंत हो गए। शनिवार सुबह करीब आठ बजे परिवार को फोन आया कि गर्वित और नंदिनी की बिल्डिंग से गिरकर मौत हो गई है।
बताया जा रहा है कि सूचना के बाद नंदिनी के पिता व परिवार के अन्य सदस्य भी गर्वित के घर पहुंच गए थे। दोनों परिवारों के लोग एकसाथ ही बहादुरगढ़ के लिए निकले। बता दें कि नंदिनी कश्यप के पिता का नाम कमल कश्यप है और वह शांति विहार, विकासपुरम, रायपुर रोड तपोवन के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि दोनों परिवार नंदिनी और गर्वित के रिश्ते से खुश थे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›