Report by : CWN Desk
Published at :
दून अस्पताल में डॉक्टरों के बीच मारपीट, पीड़ित डॉक्टर ने दिया इस्तीफा

देहरादून: दून अस्पताल में एक बार फिर डॉक्टरों के बीच विवाद सामने आया है। इस बार कैंसर रोग विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. शशांक जोशी ने विभागाध्यक्ष डॉ. दौलत सिंह पर ओपीडी में घुसकर पीटने का आरोप लगाया है।
पीड़ित डॉक्टर के अनुसार, जब वे ओपीडी में मरीजों को देख रहे थे, तभी डॉ. दौलत सिंह वहां आए और बिना किसी कारण के उनका गिरेबान पकड़कर जमकर थप्पड़ मारे। इस घटना के दौरान अस्पताल में कई स्वास्थ्यकर्मी और मरीज मौजूद थे। इस घटना से डॉ. शशांक जोशी मानसिक रूप से काफी आहत हुए हैं और उन्हें मानसिक रोग विभाग में इलाज करवाना पड़ा है।


पहले भी लगा चुके हैं शिकायत
डॉ. शशांक जोशी ने बताया कि कुछ महीने पहले उन्होंने विभागाध्यक्ष पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रबंधन से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जब से उन्होंने इस अस्पताल में कार्यभार संभाला है, तब से उन्हें मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है और मरीजों का इलाज करना उनके लिए मुश्किल हो गया है।
अस्पताल प्रबंधन की चुप्पी
इस घटना के बाद डॉ. शशांक जोशी ने इस्तीफा देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन ने उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की और आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›