Report by : CWN Desk
Published at :
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जोशी सेवानिवृत्त, मानवसेवा की मिसाल बने

हल्द्वानी। सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार जोशी सेवानिवृत्त हो गए हैं। अपने तीन दशक लंबे कार्यकाल में उन्होंने मरीजों की सेवा को ही सर्वोपरि मानते हुए चिकित्सा जगत में एक मिसाल कायम की। सेवानिवृत्ति पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए सभी ने उनके उत्तम स्वास्थ्य और सकारात्मक उपस्थिति की कामना की।
अल्मोड़ा निवासी डॉ. जोशी की प्रारंभिक शिक्षा नैनीताल सेंट जोज़फ कॉलेज में हुई। मेरठ मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस व एमडी करने के बाद उन्होंने दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में पांच वर्ष तक सेवा दी। देश-विदेश के बड़े अस्पतालों से अवसर मिलने के बावजूद उन्होंने हल्द्वानी लौटकर एसटीएच को चुना। 9 जुलाई 1994 को उन्होंने मेडिसिन विभाग ज्वाइन किया और 26 दिसंबर 1995 से ओपीडी सेवाओं की शुरुआत हुई। तब से लेकर आज तक उन्होंने अस्पताल की नींव को मजबूत करने में अहम योगदान दिया।
तीस साल से अधिक समय तक उन्होंने बिना डिगे मानवसेवा की भावना के साथ कार्य किया। इस दौरान संस्थान कई उतार-चढ़ाव से गुजरा, लेकिन डॉ. जोशी हमेशा मजबूती से खड़े रहे। उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
वहीं, डॉ. पंकज सिंह ने प्रभारी प्राचार्य का कार्यभार संभाल लिया है। कॉलेज परिवार ने उन्हें भी हार्दिक शुभकामनाएं दीं और आशा जताई कि वे संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›