Report by : राम सिंह, अल्मोड़ा
Published at :
जागेश्वर धाम में श्रावणी मेले के दौरान अव्यवस्था, भीड़ और यातायात नियंत्रण में प्रशासन नाकाम

जागेश्वर। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल जागेश्वर धाम में श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, लेकिन भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी तैयारी नहीं की गई है। सावन माह के चलते यहां रोजाना हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जबकि मंदिर परिसर की क्षमता करीब एक हजार लोगों की ही है।
पार्किंग व्यवस्था बेहद सीमित है। मंदिर से 2.5 किलोमीटर पहले बनी पार्किंग में केवल 150 वाहन ही समा सकते हैं, जिससे अधिकांश वाहन सड़कों के किनारे खड़े किए जा रहे हैं। इससे आवाजाही में बाधा उत्पन्न हो रही है।
आरतोला से जागेश्वर तक की संकरी सिंगल लेन सड़क भीड़ में और भी अव्यवस्थित हो जाती है। सड़क के दोनों ओर फड़ और दोपहिया वाहन खड़े होने के कारण पैदल श्रद्धालुओं को चलने में काफी परेशानी होती है।
मंदिर में प्रवेश के लिए मुख्य द्वार मात्र 10 फुट चौड़ा है। ऐसे में भीड़ बढ़ने पर श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश और निकास में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है, जो किसी आपात स्थिति में गंभीर संकट का कारण बन सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द प्रभावी व्यवस्थाएं लागू करने की मांग की है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›